Maharajganj Times

लाइसेंसी पिस्टल लेकर विकास भवन में घुसा बर्खास्त तकनीकी सहायक, उपायुक्त से मारपीट; मुकदमा दर्ज

अपराध
Wednesday, 18 Mar, 2026
0
1516

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विकास भवन स्थित श्रम-रोजगार कार्यालय में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बर्खास्त तकनीकी सहायक ने कार्यालय में घुसकर उपायुक्त (श्रम-रोजगार) गोरेन्द्र सिंह से मारपीट कर दी। घटना के दौरान आरोपी के पास लाइसेंसी पिस्टल भी मौजूद थी, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, गोरेन्द्र सिंह अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब 4:50 बजे अरविन्द कुमार श्रीवास्तव, पूर्व तकनीकी सहायक (मनरेगा), कार्यालय पहुंचा और दो वर्ष का वेतन देने की मांग करने लगा। इस पर गोरेन्द्र सिंह ने बताया कि तथ्यों को छिपाकर मानदेय लेने के कारण उसके खिलाफ आरसी जारी की गई थी और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए न्यायालय के आदेशानुसार ही आगे की कार्रवाई संभव है। इतना सुनते ही अरविन्द श्रीवास्तव भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मारपीट में गोरेन्द्र सिंह के दाहिने हाथ की दो उंगलियां चोटिल हो गईं, जबकि पेट और चेहरे पर भी चोट आई। आरोपी ने कई शासकीय फाइलें भी फाड़ दीं। हंगामा सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग निकला। जाते-जाते उसने जान से मारने की धमकी भी दी। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अरविन्द कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 224(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।

<